Tuesday, July 13, 2010

क्या हम सब एक जंगल में रहते हैं.....???



मैं भूत बोल रहा हूँ..........!!

   क्या हम सब एक जंगल में रहते हैं.....??
..........जंगल.....!!यह शब्द जब हमारी जीभ से उच्चारित होता है....तब हमारे जेहन में एक अव्यवस्था...एक कुतंत्र...एक किस्म की अराजकता का भाव पैदा हो जाया करता है....इसीलिए मानव-समाज में जब भी कोई इस प्रकार की स्थिति पैदा होती है तो हम अक्सर इसे तड से जंगल-तंत्र की उपमा दे डालते हैं.....मगर अगर एक बार भी हम जंगल की व्यवस्था को ठीक प्रकार से देख लें तो हम पायेंगे कि हमारी यह उपमा ना सिर्फ़ गलत है....अपितु जंगल-विरोधी भी है....!!
               क्या कभी किसी ने किसी भी जंगल में अव्यवस्था नाम की चीज़ देखी भी है...??अव्यवस्था दरअसल कहते किसे हैं?....जंगल में (प्रक्रिति) का सिस्टम क्या होता है...यही ना कि शेर हिरण को खा जाता है....??मगर कब...जब उसे भूख लगती है केवल-और-केवल तब..!!जब-तब तो नहीं ही ना...मगर यह सिस्टम तो उपरवाले द्वारा प्रदत्त सिस्टम है...जिससे जंगल ही नहीं बल्कि सारा जगत चला चला करता है...मानव-जगत के सिवा....जल-थल और नभ,सब जगह का प्राकृतिक नियम एक समान है कि एक मजबूत भूखा जानवर एक कमजोर जानवर को खा जाता है...मगर सब जगह एक बात सामान्य है...वो यह कि सब जानवरों को जब भूख लगती है....केवल और केवल तभी उसके द्वारा दूसरे को खाये जाने की ऐसी घटना घटती है....इसके अलावा बाकी सब कुछ,सब समय,सब जगह बिल्कुल सामान्य और सहज ढंग से घटता रहता है.....प्राय: सब जानवर एक-दूसरे के संग आपस में घुल-मिलकर ही रहा करते हैं...और ऐसा होना हमारी जानकारी के अनुसार जीव-जगत के प्रादुर्भाव के समय से ही सुचारू ढंग से चला आ रहा है....शायद चलता भी रहेगा.....गनीमत है कि कम-से कम जंगल या जीव-जगत में यह एक अनिवार्य किस्म की नियमबद्द्त्ता जारी ही है....वरना हम हम कभी के नियम नाम की किसी चीज़ को भूल गये होते....!!
                      आदमी के जगत में,भले ही आदमी खुद को क्या-न-क्या साबित करने में लगा रहे मगर,हर पल यह बात साबित होती है कि अनुशासन में बंधना आदमी की फ़ितरत कतई नहीं है....भले ही धरती के कुछ हिस्सों में आदमी नाम की यह जात अनुशासन नाम की चीज़ से बंधी हुई दीख पड्ती है...मगर यह अनुशासन अधिकांशत: भय-जनित प्रक्रिया है,जहां कि नियम का पालन न करने पर कठोर दंड का प्रावधान है....और मज़ा यह कि तमाम कठोर-से-कठोर दंडों के बावजूद भी आदमी नाम का यह उच्चश्रृंखल  जीव नीच-से-नीच कर्म करता पाया जाता है....बेशक फांसी भी चढ जाता है....मगर अपने कुकर्मों से तनिक भी बाज नहीं आता...और मज़ा यह कि यही आदमी हर वक्त खुद को जानवरों से बेहतर बताता है...!!
                                अगर सिर्फ़ सोच के बूते,जबकि उस सोच का अपने जीवन में किसी भी प्रकार की करनी पर कोई असर तक ना हो,एक जात विशेष को बिना किसी से पुछे अपने-आप ही बेहतर बताना एक किस्म की धृष्टता ही कही जायेगी...एक अहंकार-जनित अहमन्यता.....!!मगर आदमी को इससे क्या लेना-देना....वो श्रेष्ठ था,श्रेष्ठ  है और सदा श्रेष्ठ ही रहेगा.... किसी को कोई दिक्कत है तो हुआ करे उसकी बला से....!!मगर आदमी की तमाम करनी को जानवरों के कर्मों से तौलें तो हम यही पायेंगे कि जंगल, आदमी के समाज से सदा बेहतर था...बेहतर है....और शायद जन्म-जन्मान्तर तक बेहतर ही रहेगा क्योंकि जानवर की तलाश सिर्फ़-और-सिर्फ़ पेट की भूख है....मगर आदमी की तलाश पेट से ज्यादा अहंकार.... लालच....और उससे निर्मित स्वार्थ की है....और चुंकि आदमी सोचता भी है....सो भी वह अपने स्वार्थ से ज्यादा कभी कुछ नहीं सोचता...भले वह बातें तरह-तरह की जरूर कर ले....और अपनी लच्छेदार बोलियों से अपने स्वार्थ...अपने अहंकार....अपने लालच...अपनी बेईमानियों को तरह-तरह के प्यारे-प्यारे नाम और काल्पनिक शक्ल क्युं ना दे दे....!!
                        आदमी इस जगत वह सबसे अलबेला जीव है....जो अपने समुचे जीवन में अपनी तमाम कथनी और करनी के अंतर के बावजूद खुद को खुद ही श्रेष्ठ साबित किये हुए रहता है....और मज़ा यह कि इसमें उसका खुद का ही,यानि अपनी खुद की जाति के लोगों का समर्थन भी रहता है....अपने स्वार्थ...अपने अहंकार....अपने लालच...अपनी बेईमानियों के एवज में वो कत्ल करता है.....बम फ़ोडता है....हज़ारों लोगों का एक साथ कत्लेआम करता है....अपने जीवन में खुद को और खुद के संबंधियों को आगे बढाने के लिये ना जाने क्या-क्या करम करता है....खुद के रंग....धर्म....नस्ल....धन....वर्ग को ऊंचा साबित करने से ज्यादा सामने वाले को बौना साबित करने के लिये हर-प्रकार के शाम-दाम-दंड-भेद का सहारा लेता है... चुगलखोट्टा तो यह जीव इतना है कि धरती का हर जीव इसके सम्मुख तुच्छ है....और अहंकारी इतना कि ऊपरवाला भी इसके सामने पानी भरे....लालची भी इतना कि दुनिया का सब कुछ उदरस्थ करके भी इसका जी भरने को ना आये....और मज़ा यह कि फ़िर भी आदमी सबसे श्रेष्ठ है...क्या आपको हंसी नहीं आती आदमी की यानि अपनी इस स्वनामधन्य अहंकार-जनित श्रेष्ठता पर....यदि नहीं....तो आप भी इसी प्रकार की आदमीयत का इक हिस्सा हैं.....
                                आदमी हमेशा समाज-समाज करता रहता है....मगर उसके समाज की अंतरंग सच्चाई क्या है....??
               क्या यह समाज,जो एक ही जाति के लोगों का तथाकथित पढा-लिखा,सभ्य-ससंस्कृत समाज है,क्या वास्तव में यह है.. ??
              क्या धरती के इस हिस्से से लेकर उस हिस्से तक वह किसी भी एक रूप से एक है??
              वसुधैव-कुटुम्बकम की प्यारी-प्यारी धारणाओं के होते हुए भी क्या कभी भी किसी भी वक्त में यह धारणा या ऐसी ही कोई अन्य धारणा धरती पर विचार-भर के अलावा अन्य किसी भी रूप में फलीभूत हुई भी है??                                  
              क्या समाज आज भी तरह-तरह से एक-दूसरे का खून नहीं पीता....??वह भी सामाजिकता का चोला ओढ़कर....!!!!
             यह समाज क्या आज भी बिना किसी कारण के महज अपनी धारणा को पुख्ता बताने के वास्ते दूसरे का सिर कलम नहीं कर देता ??
             क्या यही समाज आज भी किसी गैर के या यहां तक कि अपने ही घर में अपनी बहन-बेटियों का रेप नहीं करता??
             क्या आज भी यह समाज अपने फायदे के लिये कौन-सा गंदे-से-गंदा काम नहीं करता....??
             आदमी के द्वारा किये जाने वाले अगर इन तमाम कामों की फ़ेहरिस्त तैयार करूं तो एक लंबा-सा आलेख अलग से और तैयार करना पडेगा....!!(आप कहें तो शुरू करूँ....??)
             सच तो यह है कि भाषा आदमी की....बोली आदमी की....जानवर तो बिचारे मूक प्राणी रहे हैं सदा से,इसलिए सदा से इस धरती पर बेखट्के राज करता आया है आदमी....मगर करे ना राज आदमी कौन साला उसे मना करता है....मगर अपनी करनी का दंड इस पूरी धरती को क्यूं देता है....अपने किये की गाज जानवरों-पहाडों-नदियों और तमाम तरह के वातावरण पर क्यूं डालता है....??
             और तो और आदमी पशुओं के नाम की गाली क्यूं देता है....पशु बेचारों ने आदमी के बाप का क्या बिगाडा है??यह जो सामाजिक दुर्व्यवस्था है...यह तो आदमी नाम के इस जीव की मौलिक उपज या आविष्कार है...!! इसे जंगल का नाम देकर जंगल बेचारे का नाम बदनाम क्यूं करता है...??
              खुदा ना खास्ते अगर कभी कुछ जानवरों ने आदमी की कुछ हरकतें सीख लीं ना.....तो आदमी का समाज जंगल चाहे बना हो या बना हो.....जंगल अवश्य एक वीभत्स समाज बन जायेगा आदमी की एक घटिया कार्बन-कापी....एकदम बेलगाम...उच्चश्रृंखल ...और इन बेचारों को यह मालूम भी ना पडेगा कि वो क्या-से-क्या बन गए हैं और उनका जंगल भी.....क्या-से-क्या....!!
            आदमी तो शायद अपनी सोच से संभवत: कभी बदल भी पाये.... क्यूंकि शायद कभी तो वह ठीक-ठाक तरह भी सोच ले.....मगर जानवर तो यह सोच भी नहीं सकते कि गलती से वे भी अगर आदमी की तरह हो गये तो धरती किस किस्म की हो जायेगी.....!!!

Sunday, February 28, 2010

भूतनाथ को मिला नोबेल प्राईज......हुर्रा....आहा.....!!

मैं भूत बोल रहा हूँ..........!!हुर्रा....आहा....!!भाईयों और भाईयों...!!
भूतनाथ
को मिला साहित्य और शांति का नोबेल प्राईज....!!....विश्व की दुनिया की धरती के मेरे तमाम दोस्तों....मुझे आज आपको यह बताते हुए अपार हश्र हो रहा है कि आज एक अनाम-से अजीव स्वर्गीय श्री भूतनाथ को साहित्य और शान्ति के सिरमौर प्राईज "नोबेल प्राईज"से रातों-रात नवाज़ दिया गया....!!
आज अहले-सुबह-सवेरे-मुहं-अँधेरे ही ढोल-नगाड़ों के संग यह अद्भुत कार्य संपन्न किया गया....!!एकाध दिन पहले ही मिस्टर नोबेल प्राईस विश्व अकादमी ने यह तय किया था कि ब्रह्माण्ड में शान्ति और साहित्य की प्रति-स्थापना में अपने अतुलनीय योगदान के लिए स्वर्गीय मि.भूतनाथ को ही क्यों यह प्राईज दिया जाए...इस हेतु
नोबेल अकादमी के तमाम दिग्गजों के मध्य कई दौर की बात चीत हुई और प्राईज की होड़ के तमाम शूरवीरों के बीच भी घोर आत्म-मंथन हुआ और सबने सर्व- सम्मति से यह पुरस्कार भूतनाथ जी को आत्म-समर्पित कर डाला...!!
उधर नोबेल प्राईज के अफसरों ने यह कहा कि दरअसल इस बार यह सोचा गया कि बिना कि बिना किसी तिकड़म से एक सीधे-सरल इस अद्भुत-से दिखने वाले अ-जीव का कल्याण क्यूँ ना कर दिया जाए ताकि लोगों को यह पता चले कि हमलोग सजीव-निर्जीव के साथ -जीव चीज़ों का भी सम्मान करना जानते हैं...और भूतनाथ जी को यह पुरस्कार देना दरअसल पुरस्कार की प्रतिष्ठा ही तो होगी...!!ऐसे जीव को पुरस्कार दिए जाने से सिर्फ सजीव लोगों को पुरस्कृत करने का यह दुष्चक्र भी टूटेगा....तत्क्षण ही यह पुरस्कार घोषित कर दिया गया....!!
इस होली की सुबह घोषित किया गया है...और अगली होली के दिन ब्रह्माण्ड के सभी भूतों की उपस्थिति में यह अलंकरण भूतनाथ को प्रदान किया जाएगा...बीच का वर्ष इन तमाम भूतों की लिस्टिंग करने,उन्हें आमंत्रित करने तथा आयोजन की समस्त तैयारियों में ही व्यतीत हो जाएगा...साथ ही एक-साथ इतने सारे भूतों को ठहराने की व्यवस्था करना धरती पर तो संभव नहीं, इसलिए आयोजन - स्थल ब्रहस्पति-गृह तय किया गया है अगले वर्ष तक वहां जाना भी संभव हो सकेगा...!!
यह तो गनीमत है कि भूत लोग कहीं एक जगह टिक कर नहीं बैठते वर्ना इस समूची धरती पर इतनी सारी कुर्सियां भला कहाँ से आती....मालूम हो भूतों की समूची आबादी आदमियों से कई हज़ार गुना है और एक भूत को अलंकृत करते वक्त जब भूत ही हों तब क्या ख़ाक मज़ा है...!!भूतों की इस ना बैठने की आदत से आयोजन-कर्मियों बड़ी राहत की अंतहीन-असीम.......सांस ली....!!बताया जा रहा है कि यह आयोजन ब्रहमांड का अब तक का सबसे बड़ा और अनूठा आयोजन होगा...!!
ज्ञातव्य हो कि एक इंसान ने अपने मरने बाद "बात पुरानी है"नाम का एक ब्लाग बनाकर मानवता की जो सेवा की,अससे ना पढनेवाला वाला ब्लॉगजगत,नोबेल प्राईज कमिटी और अन्य सुधिजन इतने अभिभूत हुए कि सबने यह कहते हुए कि भूतनाथ जी की रचनाओं के सामने हमारी रचनाएं कूड़ा हैं कूड़ा....अपनी सारी रचनाएं होली की पूर्व संध्या पर होलिका में दहन कर डाली....!!सबने एक मत...!!से ये कहा कि भूतनाथ के ब्लॉग पर यों भी असीम शांति का आभास होता है क्योंकि उनके ब्लॉग पर कोई जाता ही नहीं....!!अब जहां कोई जाए ही ना,वहां शान्ति तो होनी ही होनी ठहरी....!!सो इस ब्लॉग पर मुर्दे ही उड़ते हैं,या फिर उनकी"छाया"!!
इस ब्लॉग में कंटेंट भी ऐसा होता है कि कोई जाने से पूर्व सौ-सौ बार सोचता होगा कि इस पर जाएँ तो क्यूँ जाएँ....यह मुआ चीथड़े-चीथड़े हो चुके शब्दों को भी उनकी पूर्णता के संग,सम्पूर्ण गुणवत्ता के संग अर्थ प्रदान करना चाहता है...मगर जो मर चूका,वो भला वापस लौट कर आया है...!!
अब
जैसे भावना,आदर्श,संवेदना,नैतिकता......आदमियत जैसे शब्दों को इस मुर्ख ने अब तक थामा हुआ है सो थामा ही हुआ है....बीती हुई चीज़ों को अक्सर लोग बहुत तरजीह देते हैं....इसी तरह नोबेल कमिटी का दिल था कि भूतनाथ पर फिसल गया....इस कमिटी के अनुसार भूतनाथ ने ऐसी-ऐसी चीज़ें लिख डाली हैं कि समूचा लेखन-जगत जैसे संठ ही मार गया है....सबकी रचनाएं जैसे सेंट्रिंग में चली गयी हैं...अच्छे-अच्छों की बोलती बंद हो गयी है....सब भूतनाथ को छोड़कर सभी पर बोलते हैं,भूतनाथ पर कोई नहीं बोलता...इन्हीं सिरफिरों की आँख खोलने हेतु कमिटी ने यह निर्णय ले डाला...!!.
...
हालाँकि बहुतों ने इस अवांछनीय घटना पर त्वरित अफ़सोस भी जाहिर कर दिया है,किन्तु अब क्या होत जब चिड़िया चुग गयी खेत...!!....नोबेल कमिटी की इस घटिया क्रिया पर बहुतों ने तो छाती भी पीती और बहुतों ने रातों-रात आत्महत्या कर डाली......भूतनाथ ने बताया कि लोगों का यह करना भी इस बात परिचायक है वो लोग भूतनाथ से कितना असीम प्रेम करते हैं कि उन्हें बधाई देने के लिए इतना लोम-हर्षक कार्य करके उनसे मिलने नरक आ रहे हैं....वर्ना धरती पर तो सब लोग स्वर्ग की कामना करते हैं,भले ही वो सब अपनी सारी जिंदगी नरक तक जाने योग्य कार्य से भी घटिया कार्य करते रहे हों...
फिर भी भूतनाथ उन्हें अपना असीम प्यार देंगे...क्यूंकि आत्महत्या का यह नेक कार्य उन्होंने भूतनाथ के लिए ही तो किया है...चाहे जैसी भी नीयत से किया हो...और उन्होंने सभी जिन्दा और मुर्दा लोगों तथा सभी प्रकार के सजीव-निर्जीव और अ-जीव प्राणियों को होली की अनगिनत शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि क्या अच्छा हो कि सभी इस होलिका में गुड्कुलों के संग खुद को भी जलाकर भूतों की जमात में शामिल होकर धरती को और ज्यादा वीभत्स होने से बचा लें...और अगर साहित्य से शान्ति के बजाय झगडा ही फैलता हो तो उसे भी आग के हवाले करने में ही धरती पर उनका अंतिम उपकार होगा...!!
भूतनाथ ने बताया कि unka जीवन धरती पर शांति लाने के प्रयत्न में ख़त्म हो गया....अब वो बेहद खुश हैं कि वो भूत हैं...और अखिल ब्रहमांड में भूतों के बीच शान्ति स्थापित करने हेतु कोई प्रयास नहीं करना पड़ता...!!....इसके विपरीत इंसान,जिसे धरती पर शांति-प्रिय और विवेक-शील जीव मन जाता है....वो अपनी सारी जिंदगी मारकाट-ही-मारकाट मचाये रहता है...भूतनाथ ने दुनिया के सभी मनुष्यों को भूतों से प्रेरणा लेकर दुनिया में अमन-चैन की अपील की है...!!आप सबको होली मुबारक....!!आप सब प्रेम के रंगों से सराबोर हो जाओ...और समूची धरती पर यह अनमोल रंग बिखर जाये...इस नेमत...इस उपहार की कामना के साथ आप सबको भूतनाथ का असीम....अगाध....अंतहीन....और रंग भरा प्रेम......!!!!!
होली के रंग मारो भर्र-भर्र-भर्र !!
भरो पिचकारी सर्र-सर्र-सर्र !!
उड़े अबीर-गुलाल फर्र-फर्र-फर्र !!
अपुन भी नाचे भईया टर्र-टर्र-टर्र !!
प्रेम के रंगों से सब तर्र-तर्र-तर्र !!
गुब्बरवा की गुलेल चले सर्र-सर्र-सर्र !!
सब भींगे जाये आज अर्र-अर्र-अर्र !!
पछुआ बयार बहे फर्र-फर्र-फर्र !!
भंगुआ का रंग जमे खर्र-खर्र-खर्र !!
अंगवा में छुवन मचे छर्र-छर्र-छर्र !!
फगुआ आयो रे भईया हर्र-हर्र-हर्र !!
झूमो रे नाचो रे गावो गर्र-गर्र-गर्र !!
जोगीरा सर्र-सर्र-सर्र-सर्र-सर्र-सर्र !!
जोगीरा सर्र-सर्र-सर्र-सर्र-सर्र-सर्र !!
http://baatpuraanihai.blogspot.com/